देहरादून: राजधानी देहरादून में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। वहीं श्री बालाजी महाराज की भव्य शोभायात्रा और बाइक रैली भी निकाली जाएगी। कार्यक्रम को देखते हुए शहर के कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। खास बात यह है कि इस बार शोभायात्रा मार्ग पर दो ड्रोन के माध्यम से पुष्पवर्षा की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।
शोभायात्रा में मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए कलाकार धार्मिक झांकियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इन झांकियों में भगवान राम और हनुमान से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज से युवाओं की ओर से बाइक रैली भी निकाली जाएगी। जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक के प्राचीन हनुमान मंदिर और गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शोभायात्रा में दिखेंगे कई आकर्षण
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां और विशेष प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इनमें—
- श्रीराम मंदिर और बालाजी धाम की ज्योत के दर्शन
- दो ड्रोन से पुष्पवर्षा
- कोटद्वार के सिद्धबली हनुमान जी की झांकी
- हवा में उड़ते हनुमान जी की झांकी
- हजारों फूलों से सजे बालाजी महाराज
- शिव बारात में अघोरियों के हैरतअंगेज प्रदर्शन
- बाहुबली हनुमान जी की विशेष झांकी
चैत्र पूर्णिमा को मनाया जाता है हनुमान जन्मोत्सव
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार हनुमान जन्मोत्सव हर वर्ष चैत्र माह की पूर्णिमा को मनाया जाता है। इस दिन भगवान हनुमान की प्रतिमा या चित्र की पूजा करने का विशेष महत्व माना जाता है। पूजा के दौरान सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और तुलसी अर्पित करना शुभ माना जाता है।
पूर्व संध्या पर हुआ सुंदरकांड पाठ
हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति के अनुसार जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत महायज्ञ से होगी, जिसके बाद पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं से प्रशासन ने यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।