गैस की कालाबाजारी का खुलासा: खंडहर में छिपाकर रखे 65 सिलिंडर बरामद, आरोपी जुबैर अली गिरफ्तार

गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी: खंडहर से बरामद 65 सिलिंडर, एक आरोपी गिरफ्तार

क्षेत्र में गैस सिलिंडरों की कमी के बीच कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने ग्राम परमानंदपुर में एक पुराने बंद पड़े पोल्ट्री फार्म के खंडहर में छापा मारकर बड़ी मात्रा में गैस सिलिंडर बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मुखबिर की सूचना पर पड़ी दबिश

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर एसडीएम अभय प्रताप सिंह और तहसीलदार पंकज चंदोला को सूचना मिली कि आईटीआई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दभौरा मुस्तहकम परमानंदपुर स्थित एक पुराने पोल्ट्री फार्म में बड़ी संख्या में गैस सिलिंडर जमा किए गए हैं। बताया गया कि इन सिलिंडरों की कालाबाजारी जुबैर अली निवासी ग्राम घोसीपुरा पट्टीकला, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान खंडहरनुमा चहारदीवारी के भीतर छिपाकर रखे गए कुल 65 गैस सिलिंडर बरामद किए गए। इनमें 53 खाली और 16 भरे हुए सिलिंडर शामिल हैं।

गांजा और कच्ची शराब भी बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से करीब 3.17 किलोग्राम गांजा और लगभग 100 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। बरामद गैस सिलिंडरों को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर तन्मय मैथानी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। वहीं, आईटीआई कोतवाली पुलिस ने गांजा और कच्ची शराब को कब्जे में लेकर आरोपी जुबैर अली को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

डीएम के निर्देश पर चल रही सख्त कार्रवाई

एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी ने गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रशासन ने गुप्त रूप से टीमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कथित पत्रकार बताया जा रहा आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जुबैर अली उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मसवासी क्षेत्र में कथित रूप से पत्रकार भी बताया जा रहा है। आरोप है कि वह ग्राम परमानंदपुर में बीड़ी-सिगरेट के खोखे की आड़ में गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी और मादक पदार्थों का अवैध कारोबार चला रहा था।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार जुबैर अली लंबे समय से गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी में लिप्त था। करीब एक वर्ष पहले रामपुर जिले के मसवासी क्षेत्र में भी पुलिस द्वारा उसके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की जा चुकी है। जांच में यह भी सामने आया है कि सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में उसका एक अन्य ठिकाना भी है, जहां एक दुकान के माध्यम से वह गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी का कारोबार संचालित करता था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *