Devprayag News: तोताघाटी में पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आया ट्रक, चालक की मौके पर मौत

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र तोताघाटी में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आने से सीमेंट से लदे एक ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात घंटों बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, ट्रक ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा था। तोताघाटी के पास पहुंचते ही पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे ट्रक के केबिन पर गिरा, जिससे केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके नीचे दब गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। पहाड़ी से गिरे मलबे के कारण ट्रक पूरी तरह फंस गया था। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला।

मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भिजवाया और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के चलते ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग चार घंटे तक पूरी तरह बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

उल्लेखनीय है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए कुख्यात है और इसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट माना जाता है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से इस मार्ग पर सफर के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *