14 अप्रैल को खुलेगा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे, 2 से 2.5 घंटे में पूरा होगा 213 किमी का सफर

नई दिल्ली/देहरादून। लंबे समय से प्रतीक्षित दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे 14 अप्रैल से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

करीब 213 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून तक की यात्रा बेहद आसान और तेज हो जाएगी। अभी तक इस दूरी को तय करने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है, लेकिन एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह सफर सिर्फ 2 से 2.5 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे दिल्ली और उत्तराखंड के बीच आवागमन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।


100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगे वाहन

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकेंगे। इससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और यात्रियों को ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।

यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर उत्तर प्रदेश के बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक पहुंचेगा। इस मार्ग के शुरू होने से हरिद्वार, ऋषिकेश और मसूरी जाने वाले पर्यटकों को भी काफी सुविधा मिलेगी।

वीकेंड पर घूमने जाने वाले लोगों के लिए यह एक्सप्रेसवे किसी गेमचेंजर से कम नहीं होगा। अब लोग दिल्ली में नाश्ता और पहाड़ों में लंच करने की योजना आसानी से बना सकेंगे।


एनएचएआई ने किया एक्सप्रेसवे का निर्माण

इस परियोजना का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा कराया गया है। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कई चरणों में किया गया है और इसका काम वर्ष 2020 के आसपास शुरू हुआ था

यह एक्सप्रेसवे आधुनिक इंजीनियरिंग का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है। इसमें कई उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें—

  • 6 लेन का हाई-स्पीड कॉरिडोर
  • आधुनिक इंटरचेंज
  • सर्विस रोड और इमरजेंसी लेन
  • स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम
  • सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था
  • एम्बुलेंस और हेल्पलाइन सुविधा

दिल्ली में शास्त्री पार्क के पास होगी एंट्री और एग्जिट

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे पर शास्त्री पार्क के पास एंट्री और एग्जिट प्वाइंट बनाए गए हैं। कश्मीरी गेट की ओर से आने वाले वाहन चालक यहां से एक्सप्रेसवे पर चढ़ सकेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले वाहन भी इसी स्थान से दिल्ली में प्रवेश कर सकेंगे।

अधिकारियों के अनुसार दिल्ली के हिस्से में एंट्री और एग्जिट की व्यवस्था इस तरह से तैयार की गई है कि पूर्वी, उत्तरी, मध्य और दक्षिणी दिल्ली के वाहन चालकों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने में आसानी हो

इसके लिए दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे, विकास मार्ग, गीता कॉलोनी यमुना पुल, शास्त्री पार्क और सिग्नेचर ब्रिज जैसे प्रमुख मार्गों से कनेक्टिविटी दी गई है।


एक्सप्रेसवे का दिल्ली हिस्सा पहले ही शुरू

दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का पहला खंड अक्षरधाम से शुरू होता है, जिसकी कुल लंबाई करीब 32 किलोमीटर है। इस हिस्से को दो पैकेज में तैयार किया गया है।

पहले पैकेज की लंबाई 14.75 किलोमीटर है, जो दिल्ली क्षेत्र में आता है। जबकि दूसरे पैकेज की लंबाई 16.85 किलोमीटर है, जो लोनी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) तक जाता है।

इन दोनों हिस्सों को पहले ही आम जनता के लिए शुरू किया जा चुका है। अब शेष भाग के शुरू होने के साथ ही पूरा एक्सप्रेसवे यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *