दिल्ली अलर्ट: नीति आयोग में जबरन प्रवेश की कोशिश, खुद को PMO का चालक बताने वाला व्यक्ति हिरासत में

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार शाम सुरक्षा व्यवस्था उस समय सतर्क हो गई, जब नीति आयोग के दफ्तर में एक व्यक्ति ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय ( PMO ) से जुड़ा चालक बताते हुए परिसर में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया। गणतंत्र दिवस से पहले हाई अलर्ट के बीच तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे मुख्य द्वार पर ही रोक लिया।

सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संजीव कुमार के रूप में हुई है। वह पानी लेने के बहाने अंदर जाना चाहता था। सुरक्षाकर्मियों को संदेह होने पर उससे पहचान पत्र और प्रवेश अनुमति मांगी गई। आवश्यक दस्तावेज न दिखा पाने पर व्यक्ति की सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई।

नीति आयोग का कार्यालय संसद मार्ग पर स्थित है और कर्तव्य पथ के निकट होने के कारण यह इलाका पहले से ही कड़ी सुरक्षा में है। 26 जनवरी को होने वाली गणतंत्र दिवस परेड को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त चौकसी बरत रही हैं।

हिरासत में लेकर हुई पूछताछ

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने उसके पीएमओ से जुड़े होने के दावे का सत्यापन किया। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उसे रोका गया, क्योंकि वह अपनी मौजूदगी का ठोस कारण नहीं बता सका।

जांच के बाद छोड़ा गया

प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद व्यक्ति को जाने की अनुमति दे दी गई। उसके पास से कोई भी संदिग्ध या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली। हालांकि, एहतियात के तौर पर उसकी ड्राइविंग लाइसेंस की फोटो कॉपी रिकॉर्ड में रखी गई है। इस मामले पर फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *