देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से देश के प्रमुख धार्मिक शहरों—वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या—के लिए जल्द ही नियमित हवाई सेवाएं शुरू होने की संभावना है। इस पहल से प्रदेश में पर्यटन और तीर्थाटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि देहरादून से इन शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को सभी घरेलू एयरलाइंस कंपनियों के साथ साझा कर दिया गया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर देहरादून-वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया था। इस अनुरोध के बाद मंत्रालय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
मंत्री ने अपने पत्र में बताया कि वर्तमान में देहरादून से अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, हैदराबाद (शमशाबाद), जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू के लिए इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा हर सप्ताह कुल 254 उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में घरेलू विमानन क्षेत्र पूरी तरह से नियंत्रणमुक्त है, जिसके तहत एयरलाइंस कंपनियां अपने व्यावसायिक निर्णयों के आधार पर किसी भी रूट का चयन करने और उड़ान संचालन शुरू करने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में किसी नए रूट पर सेवा शुरू करने का अंतिम निर्णय संबंधित एयरलाइंस ऑपरेटरों द्वारा ही लिया जाता है।
मंत्रालय के अनुसार, देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव एयरलाइंस कंपनियों के समक्ष रखा गया है। जैसे ही कंपनियां इसे व्यावसायिक रूप से उपयुक्त मानेंगी, इन रूट्स पर नियमित उड़ानें शुरू हो सकती हैं।
इन प्रस्तावित उड़ानों के शुरू होने से उत्तराखंड के यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं राज्य में बाहरी पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी, जिससे पर्यटन उद्योग को लाभ मिलने की उम्मीद है।