देहरादून: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी और तीन माह की मासूम को कमरे में किया बंद

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के सुंदरवाला इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने अपनी पत्नी और तीन माह की मासूम बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सुंदरवाला निवासी शुभम (24) पुत्र नरेंद्र सिंह ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। इसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक का नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ था और वह पेशे से ड्राइविंग का काम करता था। साथ ही पत्नी के साथ विवाद की बात भी सामने आई है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *