देहरादून: छात्रों के दो गुटों में मारपीट, मुजफ्फरनगर के छात्र की मौत
राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर यह विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। विवाद के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल युवक की हालत गंभीर होने पर उसे दून अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के भोपा निवासी दिव्यांशु जाटराना (22) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवक देहरादून के एक निजी संस्थान में पढ़ाई करते हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसे लेकर सोमवार रात फिर से झगड़ा हो गया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।