देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां टूरिस्ट प्लेस के पास एक युवक करीब 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि थाना राजपुर क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी के अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और एसडीआरएफ की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और दुर्गम इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खाई काफी गहरी और रास्ता बेहद खतरनाक होने के कारण जवानों को रेस्क्यू के दौरान काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
लंबे समय तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ के जवान खाई में गिरे युवक तक पहुंचने में सफल रहे। इसके बाद टीम ने शव को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ टीम ने शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है और मामले की जांच जारी है।