राजपुर रोड पर दिनदहाड़े गोलीकांड: जिम से निकलते ही युवक की हत्या, दून में बढ़ी दहशत

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठी। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्पलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक को सिर में गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों में भय का माहौल है।

मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम शर्मा रोज की तरह जिम से बाहर निकल रहा था, तभी घात लगाए हमलावर ने बेहद करीब से उसके सिर पर गोली दाग दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।

हमलावर पैदल पहुंचा, वारदात के बाद फरार

स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पैदल ही कॉम्पलेक्स में दाखिल हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

सिलसिलेवार हत्याओं से सहमा शहर

राजधानी में हाल के दिनों में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तीन दिन पहले तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले दूल्हा बाजार में गुंजन हत्याकांड और अन्य सनसनीखेज वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए थे।

इसके अलावा ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पुलिस पर बढ़ा खुलासे का दबाव

राजपुर रोड पर हुई इस ताजा हत्या के बाद पुलिस पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्यारों को पकड़ लिया जाएगा।

फिलहाल, राजधानी में बढ़ते अपराधों को लेकर जनता में आक्रोश और भय दोनों देखने को मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *