Uttarakhand: देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, अब 12-14 घंटे का सफर महज एक घंटे में

देहरादून। उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए गुरुवार से देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू कर दी गई है। इस सेवा के शुरू होने से अब तक सड़क मार्ग से 12 से 14 घंटे में पूरा होने वाला सफर अब महज एक घंटे में तय किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में इस हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने एलायंस एयर की उड़ान में सवार यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है और इससे प्रदेश की हवाई सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।

रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई सेवा

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर इस सेवा का शुभारंभ होना प्रदेश के लिए अत्यंत शुभ है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उड़ान (UDAN) हवाई संपर्क योजना के तहत राज्य के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

42 सीटर विमान से संचालित होगी उड़ान

देहरादून से पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे तक यह सेवा एलायंस एयर द्वारा संचालित की जा रही है। इस मार्ग पर लगभग 42 सीटों वाले विमान से उड़ान भरी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इससे बढ़ावा मिलेगा।

अन्य जिलों को जोड़ने की तैयारी

सरकार की योजना हवाई संपर्क योजना के तहत प्रदेश के अन्य जिलों को भी हवाई सेवाओं से जोड़ने की है। इसके लिए विभिन्न हवाई अड्डों के विकास और नई उड़ानों के संचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच शुरू हुई यह सेवा सीमांत जिले के लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, क्योंकि अब तक उन्हें लंबी और कठिन सड़क यात्रा करनी पड़ती थी।

बिना रुकावट आगे बढ़ें विकास कार्य: सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने यह सिद्धांत अपनाया है कि एक बार कोई प्रोजेक्ट शुरू हो जाए तो उसे बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि देहरादून और पिथौरागढ़ को जोड़ने वाली 42 सीटों की यह उड़ान सेवा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *