देहरादून में LPG वितरण पर नई व्यवस्था लागू, गोदामों से सिलिंडर वितरण बंद; अब सिर्फ होम डिलीवरी

देहरादून: देहरादून में रसोई गैस की बढ़ती मांग और गैस एजेंसियों के गोदामों पर लग रही भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने LPG वितरण व्यवस्था में बदलाव किया है। प्रशासन के निर्देश के अनुसार अब गैस एजेंसियों के गोदामों से उपभोक्ताओं को सीधे गैस सिलिंडर नहीं दिए जाएंगे। अब रसोई गैस केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जाएगी

जानकारी के अनुसार, गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ लगातार गैस एजेंसियों और गोदामों पर बढ़ रही थी, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही थी। इस समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने दोनों स्थानों से सिलिंडर वितरण पर रोक लगा दी है। देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए।

नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए पहले की तरह ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। यदि कोई उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक नहीं कर पा रहा है, तो वह संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर बुकिंग करा सकता है। हालांकि बुकिंग के बाद सिलिंडर उपभोक्ता को एजेंसी या गोदाम से नहीं दिया जाएगा, बल्कि गैस एजेंसी द्वारा उसे घर तक पहुंचाया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था भी सख्त की गई है। देहरादून जिले की 70 गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है, जो वितरण प्रक्रिया पर नजर रखेंगे।

ये अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि गैस एजेंसियां नियमानुसार वितरण करें और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही रसोई गैस की कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *