देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस सप्लाई में आई रुकावट के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य सप्लाई पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है।
बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा गैस बुकिंग का अंतराल बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद वितरण व्यवस्था पर असर पड़ा है और कई स्थानों पर गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग कराने में भी दिक्कतें आ रही हैं, क्योंकि बुकिंग नंबर भी कई बार सही तरीके से काम नहीं कर रहा है।
जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति केवल जरूरी सेवाओं तक ही सीमित रखी जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि आवश्यक सेवाओं पर कोई असर न पड़े।
वहीं होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे कारोबारियों की चिंताएं बढ़ गई हैं और उनके कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
गैस एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैकलॉग खत्म होने के बाद कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
इधर, शहर के कई इलाकों में गैस सिलिंडरों की डिलीवरी के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।