देहरादून: गैस संकट से जूझ रहे उपभोक्ता, बुकिंग ठप
पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर अब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी देखने को मिल रहा है। शहर में एलपीजी गैस की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि गैस सिलिंडर के लिए लोगों को एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि मोबाइल के जरिए गैस बुकिंग भी नहीं हो पा रही है।
राजधानी के कई इलाकों में उपभोक्ता दिनभर गैस बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर मिलाते रहे, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो पाई। इससे लोगों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन की ओर से गैस की निर्बाध आपूर्ति और घर-घर डिलीवरी का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।
एजेंसियों पर सुबह से उमड़ी भीड़
बुधवार को देहरादून के कई गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह आठ बजे से ही लोग सिलिंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए थे।
एजेंसी द्वारा दोपहर बाद तक लगभग 320 उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए गए। इसके बाद स्टॉक खत्म हो गया, जिसके कारण करीब 60 से अधिक उपभोक्ताओं को बिना सिलिंडर के ही वापस लौटना पड़ा। यही स्थिति शहर की अन्य गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिली।
कई दिनों से बुकिंग में समस्या
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस बुकिंग करने में दिक्कत आ रही है। बुकिंग नंबर पर लगातार कॉल करने के बावजूद कॉल कनेक्ट नहीं हो रही है। इस कारण लोग एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
लोगों का कहना है कि जब गैस की बुकिंग ही नहीं हो पा रही है तो सिलिंडर मिलने की उम्मीद भी कम हो जाती है।
होटल, ढाबों और रेहड़ी-पटरी वालों की बढ़ी चिंता
घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह गैस उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को गैस की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और रेहड़ी-पटरी संचालकों को गैस नहीं मिलने से उनके कारोबार पर संकट गहराने लगा है।
देहरादून जिले में करीब 19 हजार से अधिक वाणिज्यिक गैस कनेक्शन हैं और हर महीने लगभग 40 हजार से अधिक सिलिंडरों की खपत होती है। आपूर्ति बाधित होने से कई प्रतिष्ठानों के सामने बंद होने का खतरा मंडराने लगा है।
कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि जिले में गैस की निरंतर आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग जानबूझकर भ्रम का माहौल बना रहे हैं। उपभोक्ताओं को गैस बुक कर धैर्य रखना चाहिए, एजेंसियां घर तक सिलिंडर पहुंचाने का काम कर रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग की टीमें सक्रिय हैं। यदि कोई व्यक्ति जमाखोरी या अवैध तरीके से गैस बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।