जॉलीग्रांट में सनसनी: मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद, साथी ने की श्रमिक की हत्या
देहरादून जनपद के जॉलीग्रांट क्षेत्र में मजदूरी के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। रानीपोखरी थाना क्षेत्र के थानो स्थित धारकोट इलाके में एक श्रमिक ने अपने साथी के सिर पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है।
निर्माणाधीन मकान में मिला अचेत व्यक्ति
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को सूचना प्राप्त हुई कि नीम करौली मंदिर, धारकोट के समीप एक निर्माणाधीन मकान के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही रानीपोखरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जॉलीग्रांट अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहराइच निवासी बबलू के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान बाद में बबलू पुत्र रिक्खी राम निवासी ग्राम जरही मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
साथी श्रमिक के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
मृतक के भाई की तहरीर पर रानीपोखरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में मृतक के साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी पुत्र रामशरण निवासी वार्ड नंबर 7, बांक बैंक, बेगूसराय (बिहार) पर हत्या की आशंका जताई गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली, जिसके आधार पर आरोपी पप्पू साहनी को भूईया मंदिर थानो रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि दोनों श्रमिक धारकोट क्षेत्र में एक साथ काम करते थे और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।
झगड़े के दौरान हथौड़े से किया हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 फरवरी की रात पैसों को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। गुस्से में आकर उसने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
शव पर कंबल डालकर कमरे में लगाया ताला
आरोपी ने बताया कि जब बबलू में कोई हरकत नहीं हुई तो वह घबरा गया। अगले दिन उसने शव के ऊपर कंबल डाल दिया और कमरे को बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।