देहरादून। दून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। जिला जज को ई-मेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार धमकी भरे ई-मेल में सुबह 11:15 बजे न्यायालय परिसर में विस्फोट करने की बात कही गई थी। मेल में यह भी दावा किया गया कि इमारत के भीतर पांच बम लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और न्यायालय परिसर में मौजूद जज, अधिवक्ता, कर्मचारी और वादकारियों को तत्काल बाहर निकाल दिया गया। एहतियातन न्यायालय का कामकाज पूरी तरह रोक दिया गया।
करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान बम निरोधक दस्ते ने भवन के हर हिस्से की गहन जांच की। पुलिस अधिकारियों और अधिवक्ताओं के बीच तनाव का माहौल बना रहा। दोपहर लगभग 12:30 बजे तलाशी पूरी होने के बाद टीम ने स्पष्ट किया कि परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बाद लोगों को पुनः अंदर जाने की अनुमति दी गई और न्यायालय का कार्य सामान्य रूप से शुरू हुआ।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में प्रदेश के अन्य जिला न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही तत्काल संज्ञान लेते हुए कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सघन जांच कराई गई। जांच के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
धमकी भरे मेल में परिसर में विस्फोटक सामग्री लगाए जाने का दावा किया गया था और कुछ संगठनों का नाम भी लिखा गया था। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल ई-मेल की जांच कर रहे हैं और भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।