Dehradun Crime: मच्छी बाजार में युवती की चापड़ से हत्या, घर के बाहर बाइक सवार युवक ने दिया वारदात को अंजाम

देहरादून:
राजधानी Dehradun के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 23 वर्षीय युवती की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोमवार सुबह अपने घर के बाहर से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और युवती से बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही गिर पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल युवती को उपचार के लिए दून चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात बाजार के पास स्थित एक गली में हुई। आरोप है कि युवक आकाश कुमार ने धारदार हथियार से युवती पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। हत्या के कारणों, आरोपी और मृतका के आपसी संबंधों सहित अन्य बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *