Dehradun Crime News:
राजधानी Dehradun में बुधवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डालनवाला थाना क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के सामने अज्ञात हमलावरों ने 42 वर्षीय कारोबारी अर्जुन शर्मा को गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मार्केट के बाहर बरसी गोलियां
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे कंट्रोल रूम को तिब्बती मार्केट के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डालनवाला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अर्जुन शर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे और शहर के प्रतिष्ठित कारोबारियों में गिने जाते थे।
टेनिस खेलकर लौटते वक्त किया गया हमला
जांच में सामने आया है कि अर्जुन शर्मा रोजाना परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने जाते थे। बुधवार को भी टेनिस खेलने के बाद वह तिब्बती मार्केट पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने मार्केट के बाहर एक ठेली से अनानास खरीदा और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी नीली स्कूटी पर सवार दो हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से कोर्ट की दिशा में फरार हो गए।
पत्नी की तहरीर पर मां समेत चार के खिलाफ एफआईआर
घटना के बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने डालनवाला थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा, कारोबारी विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पत्नी ने इन सभी पर साजिश के तहत हत्या कराने का संदेह जताया है।
42 करोड़ रुपये के लेनदेन का विवाद आया सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह बड़े पैमाने पर पैसों का लेनदेन सामने आया है। अमरदीप गैस एजेंसी से जुड़े कर्मचारियों के अनुसार, अर्जुन शर्मा और विनोद उनियाल के बीच 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। अर्जुन शर्मा लगातार रकम लौटाने का दबाव बना रहे थे। इसके अलावा, अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदने का मामला भी विवाद की एक अहम वजह बताया जा रहा है।
पहले से चल रहा था पारिवारिक और कारोबारी तनाव
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अर्जुन शर्मा का अपने पारिवारिक व्यवसाय और आर्थिक लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी मां ने पूर्व में अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी ली थी। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जिलेभर में चेकिंग
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में नीली स्कूटी पर सवार दो हमलावर गोली मारकर फरार होते हुए कैद हुए हैं। एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का दावा है कि सभी तथ्यों, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।