Dehradun के तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित अर्जुन हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। कारोबारी और टेनिस खिलाड़ी अर्जुन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के पीछे किसी गैंग या बाहरी दुश्मनी का नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद का हाथ निकला। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की मां बीना शर्मा ने ही संपत्ति विवाद के चलते बेटे की हत्या की साजिश रची थी।
प्रेसवार्ता में एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी, उसके लोन और करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी डील को लेकर मां-बेटे के बीच गंभीर मतभेद चल रहे थे। हाल ही में जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को बेचने के बाद बीना शर्मा के खाते में करीब 14 करोड़ रुपये आए थे। आरोप है कि इनमें से आठ करोड़ रुपये एक व्यक्ति विनोद के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इस लेनदेन का अर्जुन ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
12 लाख में तय हुई सुपारी
पुलिस के अनुसार, बीना शर्मा ने पेशेवर शूटरों से संपर्क कर कुल 12 लाख रुपये में बेटे की हत्या की सुपारी दी थी। तीन लाख रुपये एडवांस के रूप में पहले ही दे दिए गए थे, जबकि बाकी रकम वारदात के बाद देने की बात तय हुई थी।
25 दिन पहले से चल रही थी तैयारी
जांच में खुलासा हुआ है कि करीब 25 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली गई थी। बीना शर्मा अर्जुन की दिनचर्या और गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से भी अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी जुटाई, ताकि वारदात को सटीक तरीके से अंजाम दिया जा सके।
मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार
हत्याकांड के बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया। रायपुर क्षेत्र के लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने उनके पास से दो देशी तमंचे और वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन की हत्या करने की बात कबूल की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने देहरादून में पारिवारिक रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।