देहरादून: 29 मार्च से लागू हुआ समर शेड्यूल
देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है। यह शेड्यूल 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। नए शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों के संचालन को मंजूरी दी गई है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार समर शेड्यूल में कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ नए शहरों को भी देहरादून एयरपोर्ट से जोड़ा गया है। इस शेड्यूल के तहत देहरादून से देश के 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित की जाएंगी।
इन शहरों में दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं। हालांकि इस बार समर शेड्यूल में भुवनेश्वर के लिए संचालित होने वाली उड़ान को शामिल नहीं किया गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू हो जाएंगी, जबकि कुछ अन्य उड़ानों का संचालन अलग-अलग तिथियों में शुरू किया जाएगा।
देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली बार शुरू हुई सीधी उड़ान
समर शेड्यूल के साथ ही देहरादून एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए पहली बार सीधी हवाई सेवा शुरू की गई है। यह उड़ान निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा संचालित की जा रही है।
इंडिगो की यह फ्लाइट रविवार शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर देहरादून पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम 6:10 बजे देहरादून से वापस नवी मुंबई के लिए रवाना होगा।
186 सीटों वाले विमान से संचालित होने वाली इस उड़ान के जरिए दोनों शहरों के बीच करीब दो घंटे 25 मिनट में यात्रा पूरी की जा सकेगी। एयरलाइन कंपनी ने फिलहाल इस रूट पर एक तरफ का शुरुआती किराया 10,939 रुपये तय किया है। वहीं 29 अप्रैल के लिए टिकट का किराया करीब 9,327 रुपये बताया गया है।
दून एयरपोर्ट पर शुरू होगी ‘डिजी यात्रा’ सुविधा
देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ‘डिजी यात्रा’ सेवा भी शुरू की जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस सुविधा का उद्घाटन करेंगे।
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से अनुमति मिलने के बाद देश के बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर अब देहरादून एयरपोर्ट पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजी यात्रा सुविधा लागू होने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए बार-बार पहचान पत्र या टिकट दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एयरपोर्ट पर लगाए गए आधुनिक कैमरे यात्री के चेहरे की पहचान करेंगे और इसके बाद प्रवेश द्वार अपने आप खुल जाएगा।
एआई तकनीक से होगी पेपरलेस और तेज यात्रा
डिजी यात्रा एक डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से हवाई यात्रियों को पेपरलेस और संपर्क रहित यात्रा की सुविधा मिलेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक की मदद से यात्री के चेहरे को ही उसकी पहचान के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
इससे यात्रियों को लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी और बोर्डिंग प्रक्रिया भी पहले की तुलना में अधिक तेज और सुरक्षित होगी।
मोबाइल एप के जरिए मिलेगा लाभ
डिजी यात्रा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में ‘डिजी यात्रा’ एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
पंजीकरण के बाद यात्री को अपना फ्लाइट नंबर, टिकट और फोटो एप में अपलोड करनी होगी। एयरपोर्ट पर लगे कैमरे एप में दर्ज चेहरे का मिलान मौके पर मौजूद यात्री से करेंगे और इसके बाद गेट स्वतः खुल जाएगा।
यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद एप में दर्ज डेटा स्वतः डिलीट हो जाएगा।
यात्रियों के लिए वाईफाई और किड्स जोन की सुविधा
देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए मुफ्त वाईफाई सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही यात्रियों के इंतजार के दौरान पढ़ने के लिए किताबों की व्यवस्था की गई है।
बच्चों के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष किड्स जोन बनाया गया है, जहां खेल-खिलौनों की सुविधा उपलब्ध होगी।
एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि डिजी यात्रा सुविधा शुरू होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक हवाई यात्रा का अनुभव मिलेगा।