देहरादून।
उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देहरादून में एक विशाल रैली निकाल रही है। कांग्रेस की इस रैली को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, कांग्रेस की प्रस्तावित रैली परेड ग्राउंड से शुरू होगी। रैली के परेड ग्राउंड से निकलते ही ओरियंट चौक से कनक चौक की ओर जाने वाले वाहनों को ग्लोब चौक के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से आने-जाने वाले यातायात को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है।
जब रैली कनक चौक पहुंचेगी, उस दौरान पेसिफिक तिराहा से कनक चौक की ओर जाने वाला यातायात तनेजा ऑप्टिकल कट से होते हुए रोजगार तिराहा की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद रैली के ओरियंट चौक पहुंचने पर कनक चौक से ओरियंट चौक की ओर जाने वाले वाहन पेसिफिक तिराहा होते हुए चलेंगे। इसी तरह ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को भी पेसिफिक तिराहा के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त घंटाघर से ओरियंट चौक जाने वाले वाहनों को दर्शनलाल चौक की ओर मोड़ा गया है। रैली के ओरियंट चौक से आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से निकलने वाला यातायात भी पेसिफिक तिराहा होकर संचालित होगा। रैली के ग्लोब चौक पहुंचने पर, ग्लोब चौक से बहल चौक की ओर जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की दिशा में भेजा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रैली के पीछे किसी भी प्रकार के यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी। रैली के बहल चौक पार करने के बाद राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को स्थिति के अनुसार रोक-रोक कर आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर किसी भी वाहन का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग के वाहनों को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर भेजा जाएगा।
वहीं, रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम चौक जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रैली के दौरान आवश्यक होने पर ही यात्रा करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर सहयोग प्रदान करें।