देहरादून: सीएम धामी ने पांच विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की समीक्षा की, पर्वतीय इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश

देहरादून में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रदेश के पांच विधानसभा क्षेत्रों—थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग से संबंधित विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान करना है। अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधायकगण अपने क्षेत्रों की जिन समस्याओं को सरकार के समक्ष उठा रहे हैं, उन पर गंभीरता से ध्यान देते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। जिन योजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा किया जा सकता है, उनमें किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। कार्यों में लापरवाही या देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही हेली एंबुलेंस सेवा को समय पर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में सुधार सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए संबंधित विभाग इन क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाएं।

विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक

मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों में यदि किसी विभाग का प्रस्ताव किसी अन्य विभाग को भेजा जाना है, तो उसे बिना विलंब के प्रेषित किया जाए। यदि इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी होती है तो संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि बैठक के दौरान विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।

वन विभाग में लंबित मामलों की अलग से समीक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े जो मामले वन विभाग के स्तर पर लंबित हैं, उनकी अलग से समीक्षा की जाएगी। साथ ही मानसून से पहले संभावित चुनौतियों को देखते हुए व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से संबंधित सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्षाकाल से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।

चारधाम यात्रा की तैयारियों पर भी दिया जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों के मुद्दे पर होटल एसोसिएशन के साथ समय-समय पर बैठक कर उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *