देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित पद्म भूषण सम्मान के लिए चयनित किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पद्म भूषण सम्मान भगत सिंह कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन में किए गए दीर्घकालिक, समर्पित और राष्ट्रसेवा से परिपूर्ण योगदान की सशक्त पहचान है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरा देश गौरवान्वित हुआ है।
सीएम धामी ने कहा कि कोश्यारी ने उत्तराखंड आंदोलन से लेकर राज्य गठन, प्रशासनिक नेतृत्व और संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन तक हर भूमिका में प्रदेश और देश को सही दिशा देने का कार्य किया है। उनका जीवन जनसेवा, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा का प्रेरणास्रोत रहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना भी की।
स्वजल कर्मचारी संघ ने भी दी बधाई
इस अवसर पर स्वजल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने भी पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की और पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत होने पर उन्हें बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने स्वजल विभाग के कर्मचारियों की पिछले 28–29 वर्षों की निरंतर सेवाओं के बावजूद लंबित विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
इस पर भगत सिंह कोश्यारी ने कर्मचारी संघ को आश्वस्त किया कि भविष्य में जब भी आवश्यकता होगी, वे निःस्वार्थ भाव से कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।