Christmas 2025: दुनियाभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया क्रिसमस, पीएम मोदी समेत बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव क्रिसमस का पर्व गुरुवार को भारत सहित पूरी दुनिया में आस्था, श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में मनाया जा रहा है। चर्चों को रोशनी और सजावट से सजाया गया, जहां विशेष प्रार्थना सभाओं, कैरोल गायन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर शांति, प्रेम और करुणा का संदेश दिया।

क्रिसमस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु मसीह की शिक्षाएं समाज में सद्भाव, भाईचारे और करुणा को निरंतर मजबूत करती रहें। प्रधानमंत्री ने लिखा,
“सभी को शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमयी क्रिसमस की शुभकामनाएं।”

क्रिसमस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में आयोजित विशेष सुबह की प्रार्थना सभा में शामिल हुए। इस दौरान चर्च में प्रार्थना, भजन और कैरोल का आयोजन किया गया। दिल्ली के बिशप डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री और देश की शांति व समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी क्रिसमस के अवसर पर नागरिकों, विशेषकर ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस प्रेम, करुणा और सेवा का प्रतीक है, जो मानवता के कल्याण के लिए प्रभु यीशु मसीह के त्याग और संदेशों की याद दिलाता है। राष्ट्रपति ने समाज में शांति, समानता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

राहुल गांधी ने भी दी बधाई

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से कहा कि यह पावन पर्व लोगों के जीवन में आनंद, सुख और समृद्धि लेकर आए तथा प्रेम और करुणा की भावना को और सशक्त करे।

उल्लेखनीय है कि क्रिसमस दुनिया का प्रमुख ईसाई त्योहार है, जिसे प्रभु यीशु मसीह के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है और यह मानवता, सेवा, भाईचारे और शांति का संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *