चंपावत: टनकपुर दौरे पर सीएम धामी, शारदा कॉरिडोर का शिलान्यास, माघ खिचड़ी कार्यक्रम में हुए शामिल

चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को चंपावत जिले के टनकपुर पहुंचे। यहां उन्होंने शारदा घाट पर प्रस्तावित शारदा कॉरिडोर परियोजना के शिलान्यास समारोह में भाग लिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने परंपरागत माघ खिचड़ी कार्यक्रम में भी शिरकत की।

मुख्यमंत्री के टनकपुर प्रवास के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। बूम क्षेत्र में कुल 954.46 लाख रुपये और 30,975.89 लाख रुपये की विकास योजनाओं को जनता को समर्पित किया गया। शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण में शारदा घाट पर करीब 107 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किए जाएंगे।

इन कार्यों में 500 मीटर लंबा भव्य घाट, बाढ़ से सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार, प्रवेश द्वार, पैदल मार्ग, चेंजिंग रूम, यात्री विश्राम शेड, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कर्म हरि पाठशाला और आध्यात्मिक जोन का निर्माण शामिल है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद शारदा घाट क्षेत्र धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शारदा घाट के लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता से किए गए सभी वादों को सरकार चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। शिक्षा और सामाजिक सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड समाप्त किया जाएगा और अल्पसंख्यक स्कूलों में गुरुवाणी के प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।

राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कोटद्वार की घटना का जिक्र किया और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में होने वाली हर घटना को लेकर अनावश्यक हंगामा किया जाता है। अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने 2027 विधानसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कांग्रेस पर भी कई बार हमला बोला।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना टनकपुर और चंपावत को नई पहचान दिलाएगी और इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *