चमोली।
चमोली जिले के विकासखंड पोखरी अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पैणी में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय परिसर में अचानक आग लग गई। आग लगने की इस घटना में विद्यालय का कंप्यूटर सेट और फर्नीचर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय विद्यालय में कोई छात्र मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार करीब एक बजे विद्यालय में लगी वाई-फाई लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते आग ने पास में रखे कंप्यूटर और फर्नीचर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी गई।
घटना की जानकारी ग्राम प्रहरी द्वारा तत्काल थाना पोखरी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कंप्यूटर सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री जलकर राख हो चुकी थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
विद्यालय में तैनात शिक्षक ने बताया कि वाई-फाई कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिससे विद्यालय को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई है, जबकि विद्यालय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।