चमोली। जिले के मंडल क्षेत्र में रविवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद अंदर रखे गैस सिलेंडर के फटने से आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, चमोली–कुंड हाईवे पर मंडल में जड़ी-बूटी शोध संस्थान के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट पर रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में अचानक आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि घटना के समय रेस्टोरेंट पर ताला लगा हुआ था। आग लगने के बाद अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और रेस्टोरेंट में रखा सामान जलने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम दो वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
पुलिस चौकी प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि यह रेस्टोरेंट स्थानीय निवासी मनीष नौटियाल का है, जिसे ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराए पर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों रेस्टोरेंट बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके कारण आग लग गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।