चमोली: कठूड़ गांव के पास नवविवाहित दंपती और परिजनों से मारपीट, सैर-सपाटे पर गया था परिवार

चमोली। जिले के गोपेश्वर क्षेत्र में सैर-सपाटे के लिए गए एक नवविवाहित दंपती और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना गोपेश्वर–पोखरी सड़क पर स्थित कठूड़ गांव के पास रविवार देर शाम की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गोपेश्वर निवासी अनुष्का रावत ने बताया कि वह अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रविवार शाम को गोपेश्वर–पोखरी मार्ग पर घूमने के लिए गई थीं। परिवार जब कठूड़ गांव के पास पहुंचा तो वे वहां से गोपेश्वर नगर क्षेत्र के दृश्य की फोटो ले रहे थे और आपस में बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना किसी वजह बताए परिवार के साथ अभद्रता करने लगे। आरोप है कि उन लोगों ने अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में अनुष्का के पति और परिवार के एक अन्य सदस्य के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ आए छोटे बच्चों के साथ भी बदसलूकी की। इसके अलावा परिवार के वाहन पर पत्थर फेंककर उसे भी नुकसान पहुंचाया गया।

अनुष्का रावत ने बताया कि उनकी हाल ही में शादी हुई है और वह अपने पति व परिजनों के साथ शाम के समय घूमने के लिए वहां गई थीं, लेकिन इस घटना से पूरा परिवार सहम गया।

मामले में जांच अधिकारी शिखा तेग्रवाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सोमवार को पुलिस टीम ने कठूड़ गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *