Uttarakhand: 2027 चुनाव की तैयारी में भाजपा, प्रदेश कार्यालय विस्तार के लिए कराया हवन-पूजन

प्रदेश कार्यालय को शुभ मानते हुए भाजपा ने शुरू किया विस्तार कार्य

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा ने अपने प्रदेश कार्यालय परिसर को शुभ मानते हुए उसके विस्तार कार्य की शुरुआत हवन-पूजन के साथ की। पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में सनातन परंपरा के अनुसार हवन कर नए परिसर को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन में कार्यालय का विशेष महत्व होता है और पार्टी की लगभग सभी गतिविधियां प्रदेश कार्यालय से ही संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों की तैयारियों के लिए वर्तमान परिसर को और अधिक व्यवस्थित व विस्तृत करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

चुनावी गतिविधियों के संचालन के लिए बढ़ाया जा रहा परिसर

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव के दौरान पार्टी को कई तरह की गतिविधियों को एक साथ संचालित करना होता है। इनमें बूथ प्रबंधन, विधिक कार्य, नेताओं के प्रवास की व्यवस्था, चुनावी साहित्य की तैयारी, घोषणा पत्र निर्माण, प्रचार सामग्री, वाहन प्रबंधन और दैनिक मुद्दों की रणनीति तय करना शामिल है।

इन सभी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए विस्तृत परिसर की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्तमान परिसर से जुड़े नए हिस्से को व्यवस्थित किया जा रहा है।

धामी के नेतृत्व में हैट्रिक का दावा

महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश में जीत का सिलसिला जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन में कार्यालय केवल एक प्रशासनिक केंद्र नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण का प्रतीक होता है। इसी भावना के साथ कार्यालय विस्तार कार्य की शुरुआत हवन-पूजन से की गई है, ताकि संगठन की गतिविधियां और अधिक प्रभावी तरीके से संचालित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *