अमित शाह का हरिद्वार दौरा: 7 मार्च को जन संवाद, विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

हरिद्वार। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah आगामी 7 मार्च को हरिद्वार के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मंगलवार को दौरे की तैयारियों के मद्देनजर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के समय पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, गृह सचिव शैलेश बंगोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संभावित भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थलों की पहचान की और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने डामकोठी में एक उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में वीआईपी सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्लान, मीडिया समन्वय और आपसी विभागीय तालमेल जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, महानिदेशक सूचना बंसीधर तिवारी, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार, पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा, अपर निदेशक सूचना आशीष त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है, ऐसे में यातायात और पार्किंग के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।

उल्लेखनीय है कि हरिद्वार दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री जन संवाद के माध्यम से आम जनता से सीधे संवाद करेंगे और प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *