मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शनिवार को मसूरी पहुंचे। उनके शहर पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों और क्रिकेट प्रशंसकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लालटिब्बा क्षेत्र स्थित एक होटल में उनके ठहरने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी अपनी बेटी के एक समर प्रोग्राम में प्रवेश कराने के सिलसिले में मसूरी आए हैं। बताया जा रहा है कि वह मसूरी के एक प्रतिष्ठित स्कूल में आयोजित समर प्रोग्राम में बेटी का नामांकन कराने के लिए यहां पहुंचे हैं।
धोनी के आगमन की सूचना फैलते ही उनके प्रशंसकों ने होटल के बाहर पहुंचकर उनकी एक झलक पाने की कोशिश की। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। हालांकि, धोनी हमेशा की तरह बेहद शांत और सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आए।
प्रशंसकों में दिखा खासा उत्साह
क्रिकेट प्रेमियों के बीच महेंद्र सिंह धोनी की लोकप्रियता आज भी बरकरार है। यही वजह रही कि उनके मसूरी पहुंचने की खबर कुछ ही समय में पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने उन्हें देखकर खुशी जाहिर की और उनके साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया।
मसूरी से रहा है धोनी का विशेष लगाव
महेंद्र सिंह धोनी का मसूरी से पुराना जुड़ाव रहा है। वह समय-समय पर निजी दौरे पर यहां आते रहते हैं। उत्तराखंड के शांत वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण मसूरी उनकी पसंदीदा जगहों में शामिल मानी जाती है।
फिलहाल धोनी का यह निजी दौरा शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है और उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।