देहरादून पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, स्व. बीसी खंडूड़ी को दी श्रद्धांजलि; बैठकों में चुनावी रणनीति पर मंथन

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके बाद उन्होंने संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू करते हुए आगामी चुनावों और पार्टी कार्यक्रमों को लेकर नेताओं व पदाधिकारियों के साथ मंथन किया।

शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सबसे पहले स्व. बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि खंडूड़ी का राजनीतिक और प्रशासनिक योगदान उत्तराखंड की राजनीति में हमेशा याद रखा जाएगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन राजपुर रोड स्थित होटल पहुंचे, जहां दिनभर विभिन्न संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया। सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर चर्चा हुई।

दोपहर दो बजे से प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों, महामंत्रियों, जिला प्रभारियों, सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद शाम चार बजे महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर पंचायत अध्यक्षों, जिला पंचायत पदाधिकारियों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ बैठक होगी।

शाम के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी विभाग और प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ अलग बैठक करेंगे। वहीं देर शाम ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में शामिल होकर संत समाज से संवाद करेंगे।

2027 चुनाव को लेकर भाजपा का फोकस

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रियों के साथ भी बैठक की थी। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सरकार के चार वर्षों में लिए गए फैसलों और विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा आगामी चुनाव में विकास और संगठन की ताकत के दम पर मैदान में उतरेगी।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर पार्टी मुख्यालय तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा और पारंपरिक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए।

हिमालयन अस्पताल चौक, कैलाश हॉस्पिटल, रिस्पना पुल, चंचल डेयरी और फव्वारा चौक सहित कई स्थानों पर महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-दमाऊं और लोक वाद्य यंत्रों के साथ उनका अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि प्रदेश की जनता का भाजपा और उसके नेतृत्व पर मजबूत विश्वास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य और प्रभावी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *