बागेश्वर में बिना पासपोर्ट-वीजा घूम रहा यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, ट्रैकिंग के दौरान हुआ था घायल

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे एक यूक्रेनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। विदेशी नागरिक ट्रैकिंग के दौरान जंगल में रास्ता भटकने के बाद पहाड़ी से गिरकर घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के बाद पूछताछ के दौरान वह पासपोर्ट और वीजा से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई को कपकोट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम डौला में एक विदेशी नागरिक घायल अवस्था में पहुंचा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायल व्यक्ति ने अपना नाम मेक्सिम स्टार चिंको (36) निवासी खारकीव, यूक्रेन बताया।

स्थानीय ग्रामीण गजेंद्र सिंह की मदद से घायल विदेशी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए 25 मई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मंगलवार को उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने उसे डिस्चार्ज किया, तब पुलिस टीम ने उससे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ में विदेशी नागरिक ने बताया कि वह चमोली क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गया था, लेकिन जंगल में रास्ता भटक गया और पहाड़ी से फिसलकर घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार यूक्रेनी नागरिक अच्छी हिंदी बोल रहा था, लेकिन जब उससे भारत में रहने और यात्रा करने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई भी पासपोर्ट या वीजा पेश नहीं कर सका। इतना ही नहीं, उसने अपने परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी याद होने से भी इनकार कर दिया।

दस्तावेज न मिलने और पहचान छिपाने की आशंका को देखते हुए कपकोट पुलिस ने आरोपी को जिला अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 3/23 अप्रवास एवं विदेशियों विषयक विधेयक 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

क्षेत्राधिकारी अजय साह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके भारत आने, यहां रहने तथा गतिविधियों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *