देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसी महीने उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचेंगे। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान वह संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे।
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मई के पहले सप्ताह में तीन दिवसीय देहरादून दौरा प्रस्तावित था। पार्टी संगठन ने इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली थीं, लेकिन पांच राज्यों की मतगणना और राजनीतिक व्यस्तताओं के चलते उनका दौरा स्थगित कर दिया गया। अब उनके मई के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड आने की संभावना जताई जा रही है।
रविवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें चारधाम यात्रा पर आने का निमंत्रण भी दिया गया। बैठक में प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राज्य में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 304 मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि कई संगठनात्मक जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 मई तक पूरे हो जाएंगे। माना जा रहा है कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समापन के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा तय किया जाएगा।
भाजपा अध्यक्ष अपने दौरे के दौरान प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके अलावा कोर कमेटी, जिला इकाइयों और बूथ पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। पार्टी नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर विशेष फोकस कर रहा है।
भाजपा संगठन का जोर बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के समन्वय और संगठन की मजबूती पर रहेगा, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन कर सके।