टिहरी गढ़वाल में एडीबी के कार्यों पर बवाल, नाराज व्यापारियों ने अधिकारियों को कमरे में बनाया बंधक

टिहरी गढ़वाल: बौराड़ी क्षेत्र में एशियाई विकास बैंक (ADB) के तहत चल रहे विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और लापरवाही को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले एकत्रित व्यापारियों ने विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों को एक कमरे में बंधक बना लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

व्यापारियों का आरोप है कि गैस गोदाम मार्केट में कई कार्य अब भी अधूरे पड़े हैं, बावजूद इसके एडीबी की ओर से कार्य पूर्ण होने का दावा किया जा रहा है। इससे व्यापारियों और आम जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक सभी निर्माण कार्य पूरी तरह से पूरे नहीं हो जाते, तब तक बाजार को नहीं खोला जाएगा।

उद्योग व्यापार मंडल ने एडीबी के परियोजना प्रबंधन को दिए ज्ञापन में बताया कि ओपर थिएटर मार्केट में साइट इंजीनियर और ठेकेदार की लापरवाही के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत और अवगत कराने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

व्यापारियों के अनुसार, फर्नीचर मार्केट के मुख्य द्वार पर अभी भी कई जरूरी कार्य अधूरे हैं। इनमें रैंप निर्माण, फ्लोरिंग और पेंटिंग, लैंडस्केपिंग, बिजली से जुड़े काम, शौचालय निर्माण, खिड़कियों के फ्रेम और शीशे लगाने जैसे कार्य शामिल हैं।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी कार्यों को पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं, प्रशासन से भी जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *