देहरादून: रायपुर थाने की हवालात में PRD जवान की मौत, पत्नी ने पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

पुलिस कस्टडी में PRD जवान की मौत से मचा हड़कंप

देहरादून के रायपुर थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) के जवान सुनील रतूड़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को जवान का शव थाने की हवालात के अंदर कंबल से बने फंदे में लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी जमा रही।

पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद पुलिस ने किया था गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर सूचना मिली थी कि लाडपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्ति शराब के नशे में था।

पुलिस ने बताया कि समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे रायपुर थाने लाया गया और शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में लाए जाने के बाद भी वह हंगामा करने लगा, जिसके चलते पुलिस ने उसे हवालात में बंद कर दिया।

हवालात में बेसुध मिलने के बाद अस्पताल ले जाया गया

पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद जवान हवालात में बेसुध अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे तत्काल कोरोनेशन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का हंगामा, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने थाने में उनके पति के साथ मारपीट की, जिसकी वजह से उनकी मौत हुई है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हवालात में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *