Dehradun: आज परेड ग्राउंड में गूंजेंगे डॉ. सतिंदर सरताज के सूफियाना सुर, कार्यक्रम से पहले दरबार साहिब में टेका मत्था

देहरादून: आज परेड ग्राउंड में गूंजेंगे डॉ. सतिंदर सरताज के सूफियाना सुर, कार्यक्रम से पहले दरबार साहिब में टेका मत्था

राजधानी देहरादून आज एक यादगार संगीतमय शाम के लिए तैयार है। मशहूर सूफी गायक, गीतकार और कवि डॉ. सतिंदर सरताज अपने बहुचर्चित हेरिटेज इंडिया टूर 2025-26 के तहत आज शहर में लाइव प्रस्तुति देने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को लेकर दून के संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

लाइव शो से पहले डॉ. सतिंदर सरताज देर रात देहरादून स्थित दरबार साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उनके आगमन की जानकारी मिलते ही कई प्रशंसक भी गुरुद्वारा पहुंचे और अपने पसंदीदा कलाकार की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए।

सूफियाना और लोकगीतों की होगी प्रस्तुति

एक मार्च को परेड ग्राउंड में आयोजित इस लाइव कॉन्सर्ट में डॉ. सरताज अपने लोकप्रिय सूफी गीतों और लोकधुनों की प्रस्तुति देंगे। उनकी गायकी की पहचान भावनात्मक गहराई, अर्थपूर्ण गीतों और शास्त्रीय संगीत की झलक से होती है, जो श्रोताओं को एक अलग ही संगीत अनुभव प्रदान करती है।

युवाओं और संगीत प्रेमियों में उत्साह

कार्यक्रम को लेकर खासतौर पर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। सोशल मीडिया पर भी इस कॉन्सर्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम

आयोजकों और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

दून की यह शाम सूफियाना संगीत और मधुर सुरों के साथ शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *