चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में शनिवार को प्रयोगशाला में प्रैक्टिकल के दौरान केमिकल हादसा हो गया। फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं अपनी शिक्षिका के साथ प्रयोगात्मक कार्य कर रही थीं, तभी लैब में रखी एसिटल क्लोराइड (Acetyl Chloride) की बड़ी बोतल अचानक नीचे गिर गई और फट गई।
बोतल टूटते ही केमिकल की तीखी गंध पूरे प्रयोगशाला कक्ष में फैल गई। गंध के प्रभाव से प्रैक्टिकल कर रही सात छात्राएं और शिक्षिका को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और वे बेहोश हो गईं। घटना के बाद संस्थान परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन और स्टाफ ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। सभी प्रभावित छात्राओं और शिक्षिका को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि केमिकल के असर से पीड़ितों को सांस फूलना, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी जैसी समस्याएं सामने आई थीं। एहतियातन सभी को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखकर उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पॉलिटेक्निक प्रशासन ने प्रयोगशाला में केमिकल के सुरक्षित भंडारण और सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।