उत्तराखंड। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर हैं। प्रवास के दौरान शनिवार सुबह उन्होंने अपने गांव पंचूर में भ्रमण कर ग्रामीणों और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री के गांव भ्रमण की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और पंक्तिबद्ध होकर उनका स्वागत किया।
गांव भ्रमण के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों से कुशलक्षेम पूछी। बच्चों और युवाओं ने मुख्यमंत्री के पैर छुए, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री बच्चों से बातचीत करते हुए उनके भविष्य और पढ़ाई को लेकर भी चर्चा करते नजर आए। सीएम योगी का सरल और आत्मीय व्यवहार देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस दौरान पैंया गांव से अपनी बुआ की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचे प्रिशा बेलवाल, शिवन्या बेलवाल, शौर्य बेलवाल, भाविक बेलवाल, आरित बेलवाल और आकर्ष बेलवाल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पहली बार इतने नजदीक से देखा। बच्चों ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर वे बेहद खुश और उत्साहित हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं आगे बढ़कर बच्चों और ग्रामीणों के साथ फोटो भी खिंचवाई। अभिभावक विनोद बेलवाल, अनिल बेलवाल, सुशील बेलवाल, सुनील, शशि, धीरज और नीरज ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि वे इतनी सहजता से मुख्यमंत्री से मिल पाएंगे। उन्होंने इस मुलाकात को यादगार बताया।
जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण
उत्तराखंड दौरे के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
शुक्रवार अपराह्न करीब सवा तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर हेलिपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वह यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
दोपहर 3:34 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे और नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया।
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विद्यालय को आधुनिक और भव्य भवन उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।