देहरादून के दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े हुई गुंजन की हत्या के मामले में लगातार गंभीर लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्यारोपी आकाश घटना से पहले कम से कम दो दिनों तक धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहा था। इससे भी अधिक चिंताजनक तथ्य यह है कि 31 जनवरी को ही आरोपी की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को फोन कर इस खतरे की जानकारी दे दी थी।
परिजनों का कहना है कि गुंजन की जान को खतरा बताते हुए खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में तीन दिन पहले लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। गुंजन के चचेरे भाई अंश के अनुसार, आरोपी की पत्नी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि आकाश धारदार हथियार लेकर घूम रहा है और किसी भी समय हमला कर सकता है। परिजनों का आरोप है कि यदि इस सूचना और शिकायत पर समय रहते सख्त कदम उठाए जाते, तो शायद यह वारदात रोकी जा सकती थी।
सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले आरोपी द्वारा परेशान किए जाने पर गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय दोनों के बीच समझौता करा दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार गुंजन से संपर्क साधने की कोशिश करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकी देता रहा। पुलिस को दी गई तहरीर में उल्लेख है कि आकाश ने फिल्मी अंदाज में धमकाते हुए शादी का दबाव बनाया था और इनकार करने पर हत्या की धमकी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसआईटी को पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच करने, पूर्व में दी गई शिकायतों और चेतावनियों की समीक्षा करने तथा लापरवाही के हर पहलू की पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।