उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी व हिमस्खलन का अलर्ट, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

उत्तराखंड में ठंड बढ़ी, बुधवार को भी बिगड़ा रहेगा मौसम

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी खराब मौसम के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी प्रदेशभर में मौसम बिगड़ा रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए बर्फबारी और हिमस्खलन को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

ऊंचाई वाले जिलों में हिमस्खलन का खतरा, प्रशासन सतर्क

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और हिमस्खलन को देखते हुए संबंधित जिलों को अलर्ट किया है। रक्षा भू-सूचना अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई) के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार शाम से बुधवार शाम तक कई उच्च हिमालयी इलाकों में हिमस्खलन की आशंका बनी हुई है।

डीजीआरई की चेतावनी के मुताबिक—

  • उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग को नारंगी श्रेणी (श्रेणी-3) में रखा गया है, जहां गहरी और अस्थिर बर्फ के कारण मध्यम आकार के प्राकृतिक हिमस्खलन घाटी तल तक पहुंच सकते हैं।
  • पिथौरागढ़ को पीली श्रेणी (श्रेणी-2) में रखा गया है, जहां सीमित क्षेत्रों में छोटे हिमस्खलन की संभावना है।
  • बागेश्वर हरी श्रेणी (श्रेणी-1) में है, जहां स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर है, लेकिन कुछ स्थानों पर स्थानीय अस्थिरता देखी जा सकती है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।

इन जिलों में स्कूलों में अवकाश

बर्फबारी और खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर जिलों में स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

चारधाम और ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी

मंगलवार को मौसम ने फिर करवट ली। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम, जोशीमठ और औली में जमकर बर्फबारी हुई। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ, तुंगनाथ और मद्महेश्वर घाटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की चादर बिछ गई।
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

कई इलाकों में पहले से बाधित बिजली और पानी की आपूर्ति अभी पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई थी, जिस पर नई बर्फबारी ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। नीति घाटी के कोषा और गमशाली गांवों में बर्फीले तूफान से कुछ घरों की टिन की छतें उड़ने की सूचना है।

बुधवार को भी राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को भी प्रदेशभर में मौसम खराब बना रहेगा। 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम व आपदा से जुड़ी सभी चेतावनियों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *