लोखंडी में फंसे पर्यटकों को मिली राहत, भारी बर्फबारी के बाद 80 लोग सुरक्षित निकले बाहर

चकराता क्षेत्र के लोखंडी में हाल ही में हुई भारी बर्फबारी के कारण फंसे करीब 80 पर्यटक अब पूरी तरह सुरक्षित अपने घरों के लिए रवाना हो चुके हैं। क्षेत्र में लगातार हुई बर्फबारी से त्यूणी–चकराता–मसूरी–मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब तीन फीट तक बर्फ जम गई थी, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई थी।

जानकारी के मुताबिक, कई पर्यटक 22 जनवरी को लोखंडी भ्रमण के उद्देश्य से पहुंचे थे। शुक्रवार को अचानक मौसम बिगड़ने के बाद क्षेत्र में तेज हिमपात शुरू हो गया। भारी बर्फ जमने से कोटीकनासर से चकराता तक लगभग 30 किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंस गए।

स्थानीय होटल संचालकों ने पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया और खाने-पीने सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं। होटल व्यवसायी लिखिलेश चौहान और रोहन राणा ने बताया कि खराब मौसम के चलते पर्यटकों को कई दिनों तक लोखंडी में ही रुकना पड़ा।

सोमवार देर शाम लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम ने मशीनों की मदद से सड़क से जमी भारी बर्फ हटाई और राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह सभी पर्यटक सुरक्षित रूप से अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हो सके।

पर्यटकों ने राहत कार्य में जुटे प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और स्थानीय लोगों का आभार जताया और कहा कि समय रहते मिली सहायता के कारण किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *