रुड़की।
रुड़की में कुख्यात अपराधी विनय त्यागी पर हुआ हमला पूरी तरह से सुनियोजित हत्या की कोशिश माना जा रहा है। जांच में सामने आया है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे और उनका मकसद विनय त्यागी को मौत के घाट उतारना था। बदमाशों के पास अवैध असलहों के साथ-साथ पत्थर भी थे। फ्लाईओवर पर जाम और भारी भीड़ के बीच जिस तरह फिल्मी अंदाज में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई और हथियार लहराते हुए हमलावर पैदल दौड़कर फरार हुए, उससे उनके पेशेवर शूटर होने की आशंका गहराई है। पुलिस इस वारदात को गैंगवार से जोड़कर भी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक विनय त्यागी को पहले से अपनी जान को खतरे का अंदेशा था। उसने अदालत में पेशी के दौरान अपनी हत्या की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। इसी के चलते न्यायालय के निर्देश पर पेशी के समय उसकी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। कोर्ट के आदेश पर एक दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी उसकी सुरक्षा में तैनात थे और अदालत जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस बल मौजूद था, इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।
कुख्यात अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास
मूल रूप से मुजफ्फरनगर जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र का निवासी विनय त्यागी वर्तमान में मेरठ के जागृति विहार में रह रहा था। उसे कुख्यात अपराधी सुनील राठी का करीबी माना जाता है। विनय त्यागी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में हत्या, लूट, डकैती और धोखाधड़ी समेत 40 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी पत्नी निशी त्यागी पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुकी है। कुछ समय पहले ही देहरादून पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
25 लाख की धोखाधड़ी के मामले में थी पेशी
सहारनपुर जिले के नकुड़ निवासी अजय कुमार ने चार दिसंबर को विनय त्यागी और उसकी पत्नी निशी त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि लक्सर क्षेत्र में स्थित कृषि भूमि को एक करोड़ रुपये में बेचने का सौदा कर एडवांस के नाम पर 25 लाख रुपये की रकम हड़प ली गई। इसी मामले में बुधवार को पुलिस विनय त्यागी को अदालत में पेशी के लिए लेकर जा रही थी।
तीन गोलियां लगने से हालत गंभीर
हमले के दौरान विनय त्यागी को तीन गोलियां लगीं। एक गोली उसकी गर्दन के पास, दूसरी पेट और छाती के समीप दाहिने हिस्से में, जबकि तीसरी गोली हाथ को चीरते हुए हड्डी तोड़कर निकल गई। गर्दन और पेट के पास लगी गोलियां शरीर के भीतर फंसी होने की सूचना है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल विनय त्यागी को पहले लक्सर सीएचसी, फिर हरिद्वार जिला अस्पताल और उसके बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप
अतिव्यस्त फ्लाईओवर पर दिनदहाड़े गोलियां चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्कूलों और फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय यहां रोजाना जाम की स्थिति रहती है। फायरिंग शुरू होते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि किसी आम नागरिक को गोली नहीं लगी। एक महिला के पास से गोली निकल गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गई। जाम में फंसे कई लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जिनमें हमलावर हथियार लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस को जवाबी कार्रवाई का मौका नहीं मिला
वारदात के दौरान विनय त्यागी को पेशी पर ले जा रहे पुलिसकर्मियों को जवाबी कार्रवाई का मौका नहीं मिल सका। वाहन के भीतर होने और भारी भीड़ के कारण पुलिसकर्मी बदमाशों पर गोली नहीं चला पाए। बदमाशों की फायरिंग से पुलिस वाहन के शीशे टूट गए। घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हमलावरों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना ने एक बार फिर से कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।