देहरादून 07 फरवरी । मच्छी बाजार में युवती की नृशंस हत्या की घटना की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि राजधानी देहरादून में एक और युवती पर हिंसक हमला सामने आ गया। गुरुवार रात चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे के बाहर तीन युवकों ने युवती के सिर पर ठोस वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती के सिर में 8 से 9 टांके लगाए गए हैं।
सैय्यद मोहल्ला, चकराता रोड निवासी पीयूष जोशी ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर के अनुसार उनकी चचेरी बहन गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई थी। इसी दौरान कैफे में मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
युवती के भाई की तहरीर पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 103/26, धारा 118(1), 352 बीएनएस के तहत आयुष रावत व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कैफे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ले ली है। आरोपियों के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वे फरार पाए गए।
चौकी इंचार्ज आईएसबीटी आशीष कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 2 फरवरी को नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती गुंजन की दिनदहाड़े धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से राजधानी में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना मिलने पर थाना पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार युवती और उसके साथी कैफे में जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। विवाद के बाद कैफे के बाहर सड़क पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। दून अस्पताल में कराए गए मेडिकल में सिर पर हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से चोट की पुष्टि हुई है। मेडिकल रिपोर्ट में किसी धारदार हथियार के प्रयोग की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही मेडिकल में युवती द्वारा शराब सेवन का उल्लेख भी किया गया है।