उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट

देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने पर्वतीय और कुछ मैदानी जिलों में तेज हवाओं, बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए इन क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे हाल के दिनों में बढ़ी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

शनिवार के तापमान पर नजर डालें तो देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक रहा। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक था।

वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब छह डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और कई इलाकों में बादल, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *